फरीदाबाद। नितिन बंसल।न्यूज़ पोर्टल प्रेस क्लब की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्लब के आगामी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सभी पत्रकार साथियों ने अपने-अपने विचार साझा करते हुए इस वर्ष की यात्रा को लेकर सुझाव दिए।
क्लब की परंपरा के अनुसार प्रत्येक वर्ष धार्मिक यात्रा का आयोजन किया जाता रहा है, लेकिन इस बार सदस्यों ने कुछ अलग करने की पहल करते हुए मुंबई और गोवा भ्रमण का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने गंभीरता से विचार-विमर्श किया और अंततः बहुमत से इसे स्वीकृति प्रदान की गई।
क्लब के प्रधान विनोद वैष्णव ने सदस्यों के सुझावों का स्वागत करते हुए मुंबई और गोवा भ्रमण के प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से पत्रकार साथियों को आपसी संवाद, अनुभव साझा करने और मानसिक ताजगी का अवसर मिलता है।
बैठक के दौरान क्लब के कोषाध्यक्ष राकेश कुमार सुखवारिया ने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए नए सदस्यों को जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पत्रकारों को क्लब से जोड़कर इसे और सशक्त बनाया जाएगा।
इस मौके पर महिला विंग की अध्यक्ष पूजा भारद्वाज ने भी क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए अपने विचार साझा किए। उन्होंने महिला पत्रकारों की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें मंच देने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी सदस्यों ने प्रस्तावित भ्रमण को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
No comments:
Post a Comment